नईदिल्ली,06 मई (आरएनएस)। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मीडिया विशेषज्ञ शशि शेखर वेम्पति को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब भारतीय फिल्म का दायरा तेजी से आगे बढ़ रहा है। क्षेत्रीय सिनेमा, ओटीटी और वैश्विक सहयोग में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में सेंसर बोर्ड की भूमिका और जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ गई है।
शशि शेखर भारत के प्रमुख मीडिया और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ हैं। उन्होंने प्रसार भारती के सीईओ पद पर अपने 5 साल का कार्यकाल पूरा किया है। उनकी अगुवाई में ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन को आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया। इससे पहले वह इंफोसिस और डिजिटल न्यूज स्टार्टअप नीति डिजिटल से जुड़े थे। सार्वजनिक प्रसारण और डिजिटल नीति में उनके इसी योगदान को देखते हुए जनवरी, 2026 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
जाहिर है कि सेंसर बोर्ड, भारतीय सिनेमा में फिल्मों को प्रमाणित करने वाली सबसे बड़ी संस्था है। फिल्मों की किस्मत का फैसला करना बोर्ड के हाथ में होता है और यह सुनिश्चित करना होता है कि विषय सामाजिक रूप से संवेदनशील हो। बतौर नए अध्यक्ष, शशि शेखर से उम्मीद की जा रही है कि वह प्रमाणन प्रक्रिया को पारदर्शी और संतुलित बनाएंगे। उनके पास अब सितारों की फिल्मों को उनके विषय के आधार पर रेटिंग देने का अधिकार होगा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

