रायपुर, 23 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी शराब और बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 22 जून को सूचना मिली कि उरला स्थित शराब भ_ी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
सूचना पर थाना उरला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रामसुगहीन दास निवासी सतनाम चौक, उरला बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 31 पौवा देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध शराब और बिक्री की रकम सहित कुल लगभग 4,520 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।
इस मामले में थाना उरला में अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
रामसुगहीन दास (33 वर्ष)
पिता – नोहर दास
निवासी – सतनाम चौक, थाना उरला, रायपुर
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

