नईदिल्ली ,23 जून(आरएनएस)। मशहूर गायक जुबीन गर्ग की आकस्मिक मौत का मामला अभी भी अनसुलझा है। ताजा अपडेट है कि मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर असम सरकार को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। बता दें, श्यामकानु उस नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक थे, जिसमें शामिल होने गायक सिंगापुर पहुंचे थे। सीआईडी की विशेष जांच टीम ने गायक की हत्या और साजिश के आरोपों में उन्हें अक्टूबर, 2025 में गिरफ्तार किया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, श्यामकानु ने अपनी जमानत याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, क्योंकि गुवाहाटी हाई कोर्ट ने 29 मई को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जॉयमाल्य बागची की बेंच ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। साथ ही 3 हफ्ते का समय दिया है और मामले की सुनवाई जुलाई, 2026 के आखिर में तय की है।
जुबीन का 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर के लाजरस द्वीप के पास तैराकी करते समय आकस्मिक निधन हो गया था। उनकी संदिग्ध मौत मामले की जांच सीआईडी द्वारा गठित विशेष जांच टीम कर रही है। मामले में अब तक कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें आयोजक श्यामकानु और गायक के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा भी शामिल हैं। बता दें, जुबीन ने इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म ‘गैंगस्टर’ में ‘या अली’ गाने से खूब लोकप्रियता हासिल की थी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

