धमतरी, 23 जून। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगदही गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भोला राम यादव निवासी ग्राम बगदही, थाना भखारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव में सिर पर गंभीर चोट के साथ घायल अवस्था में मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल धमतरी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में उपचार के दौरान भोला राम यादव ने दम तोड़ दिया। युवक के सिर पर गंभीर चोट मिलने से मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक को चोट कैसे लगी और वह किन परिस्थितियों में घायल हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

