बिलासपुर, 23 जून (आरएनएस)। बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार को एक बंदी की हत्या से हड़कंप मच गया। जेल के ई-1 बैरक में बंद विचाराधीन बंदी नीलू जगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल है।मृतक नीलू जगत कोटा थाना क्षेत्र के दबनपुर का रहने वाला था और वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी हत्या नाली के स्लैब से सिर कुचलकर की गई है।जानकारी के अनुसार, जिस ई-1 बैरक में यह घटना हुई, वह मानसिक रूप से बीमार बंदियों के लिए आरक्षित है। हत्या का आरोप जेल में बंद राजेश राय पर लगाया जा रहा है। राजेश मुंगेली जिले के चमारी गांव का निवासी है और तिहरे हत्याकांड के मामले में पिछले करीब 17 वर्षों से जेल में बंद है। उसे भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन, पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। बैरक को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। इस घटना ने सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था और मानसिक रूप से बीमार बंदियों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

