अयोध्या 23 जून (आरएनएस )। जेठ माह के आठवें बड़े मंगलवार के अवसर पर देवकाली स्थिति राजकीय डॉ. बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की ओर से परिसर के निकट स्थित परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, रामभक्तों एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। इसके बाद हनुमान चालीसा एवं जयकारों के बीच प्रसाद वितरण शुरू हुआ।
आयोजकों ने बताया कि जेठ माह के बड़े मंगलवारों का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी परंपरा के निर्वहन एवं जनसेवा की भावना से भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, बूंदी तथा शरबत का प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच शरबत की व्यवस्था लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और पूरे समय बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे। अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भंडारे की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज में सेवा, सद्भाव और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

