अयोध्या 23 जून (आरएनएस )। जेष्ठ मास के अंतिम मंगलवार के अवसर पर परिक्रमा मार्ग स्थित श्री परमहंस आश्रम में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। आश्रम में श्री 108 श्री रामानंद दास रामायणी महाराज के सानिध्य में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।भंडारे का आयोजन श्री परमहंस आश्रम के अधिकारी रामउजागर दास महाराज,महंत रामसुंदर दास, श्री राम जन्मभूमि के पुजारी महंत प्रदीप दास महाराज किस संयोजन में संपन्न हुआ।भंडारे में आने वाले भक्तों को छोला-चावल, बूंदी और शीतल पेय अत्यंत प्रेम एवं श्रद्धा के साथ वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं के लिए की गई इस सेवा की सभी ने सराहना की। सुबह से ही प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और देर शाम तक भंडारे का क्रम चलता रहा। इस अवसर पर रामउजागर दास महाराज ने कहा कि सनातन परंपरा में सेवा और भंडारे का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं के सानिध्य में आयोजित ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में प्रेम, सद्भाव और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। जेष्ठ मास में श्रद्धालुओं को शीतल पेय और प्रसाद वितरित करना लोककल्याण एवं मानव सेवा का कार्य है।कार्यक्रम के दौरान संत-महंतों ने भक्तों को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। भंडारे के सफल आयोजन पर श्रद्धालुओं ने आयोजकों और संतों को साधुवाद देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आश्रम परिसर में दिनभर भक्ति, सेवा और उत्साह का वातावरण बना रहा।कार्यक्रम में आशुतोष शर्मा (भोला) सुरेश शर्मा, अमर उपाध्याय, अभिनव चौबे, अश्विनी शर्मा, पियूष गोद, चंद्रेश यादव, प्रमेंद्र पांडेय, छविराम दास, ब्रह्मजीत द्विवेदी और राहुल सिंह समेत अनेक श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

