रायपुर, 23 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के क्रिकेट मैदान में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन के साथ चोरी की दो पल्सर बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 21 जून को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान शहीद नगर, खमतराई निवासी रूपेश सारथी (35 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गोवर्धन नगर निवासी शिवा सोनानी उर्फ तुषार (20 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन दोनों शराब के नशे में थे। जीटी कॉम्प्लेक्स खमतराई के पास किसी बात को लेकर रूपेश सारथी से उनका विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों ने रूपेश को एक्टिवा में बैठाकर क्रिकेट मैदान के पास ले गए और मारपीट करते हुए पत्थर से उसके सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना खमतराई में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी वाहन चोरी की वारदातों में भी शामिल थे। आरोपियों ने थाना देवेन्द्र नगर और पुरानी बस्ती क्षेत्र से दो पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1.60 लाख रुपये कीमत की दोनों चोरी की बाइक बरामद कर ली है। वाहन चोरी के मामलों में भी आरोपियों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जा रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

