सूरजपुर,23 जून (आरएनएस)। सूरजपुर जिले में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन के पलट जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में महिलाओं और नाबालिगों सहित 19 मजदूर घायल हो गए, जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि एक पिकअप वाहन में करीब 30 मजदूर सवार थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में घायल मजदूरों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घायलों में कई महिलाएं और नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह वाहन चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।गौरतलब है कि मजदूरों को मालवाहक वाहनों में ले जाने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामलों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

