रायगढ़,23 जून (आरएनएस)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खरसिया पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में शराब तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब के साथ एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।स्कूटी में बीयर और अंग्रेजी शराब की तस्करी
चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की स्कूटी में शराब लेकर खरसिया से छाल की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने हमालपारा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने पहले अपना नाम मोहन सिंह सिदार बताया, लेकिन आधार कार्ड की जांच में उसकी पहचान योगेश सिदार (35 वर्ष), निवासी गोरखा वार्ड, रायगढ़ के रूप में हुई। आरोपी पुलिस को झूठी पहचान बताकर गुमराह करने का प्रयास कर रहा था।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी, 10 बोतल सिम्बा बीयर, देशी प्लेन शराब और मैडऑफ व्हिस्की सहित कुल 9.05 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब और वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
दूसरी कार्रवाई में 10 लीटर महुआ शराब जब्त
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खोरसीपाली का एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए खरसिया की ओर ला रहा है। पुलिस ने हमालपारा रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर आरोपी देवकुमार यादव (25 वर्ष) को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके कब्जे से प्लास्टिक पन्नियों में भरी 10 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
०००


