रायपुर, 23 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के बहुचर्चित नव्या मलिक ड्रग्स मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की भी एंट्री हो गई है। ईडी ने मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू करते हुए रायपुर पुलिस से चार्जशीट समेत अन्य अहम दस्तावेज मांगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के संचालन में डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल फोन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी आशंका जताई गई थी, जिसके बाद अब ईडी ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
पुलिस जांच में करीब 850 हाई-प्रोफाइल लोगों के इस कथित नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इनमें होटल, पब और क्लब व्यवसाय से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। हालांकि, किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि ईडी संदिग्ध बैंक खातों, डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म और संभावित काले धन के प्रवाह की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित ड्रग्स कारोबार से अर्जित धन को किन-किन माध्यमों से खपाया गया।
ईडी की एंट्री के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच और व्यापक हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
०


