अशोकनगर 6 मई (आरएनएस)। जिले में एक नाबालिग हिंदू किशोरी के अपहरण, दुष्कर्म और धर्मांतरण का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने बोहरे कॉलोनी से लापता हुई किशोरी को आजाद नगर इलाके से बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्लिम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और धर्मांतरण से जुड़ी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस घटना को लेकर बोहरे कॉलोनी निवासी एक युवक ने मंगलवार को कोतवाली थाने में अपनी बहन के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भाई ने पुलिस को बताया था कि सोमवार रात करीब 11 बजे परिवार के साथ खाना खाने के बाद उसकी बहन घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी।
कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने लापता किशोरी को आजाद नगर इलाके से सुरक्षित बरामद किया है। पीडि़ता आरोपी के घर पर ही मिली थी। रेस्क्यू के बाद पीडि़ता ने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीडि़ता की इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
शहर में हिंदू नाबालिग किशोरी को एक मुस्लिम युवक द्वारा अगवा कर ले जाने की खबर जैसे ही फैली, लोगों में नाराजगी देखने को मिली। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के सदस्य और पदाधिकारी कोतवाली थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने इस पूरी घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

