0-जेपी नड्डा करेंगे अध्यक्षता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, खाद्य एवं औषधि सुधार तथा संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं पर होगा मंथन
नई दिल्ली, 27 जून(आरएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 29 जून को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) का 16वां सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल तथा प्रतापराव जाधव भी उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, संसद सदस्य, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, गैर-सरकारी सदस्य तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रख्यात विशेषज्ञ भाग लेंगे। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख नीतिगत प्राथमिकताओं पर व्यापक विचार-विमर्श करना तथा केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय एवं सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
इस वर्ष सम्मेलन के प्रमुख विषयों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत सतत विकास लक्ष्यों एवं प्राथमिकताओं, खाद्य एवं औषधि सुधार, तथा संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। इन विषयों पर विभिन्न सत्रों में वर्तमान योजनाओं की समीक्षा, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान, उभरती चुनौतियों की पहचान तथा देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा होगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, भारत के संविधान के अनुच्छेद 263 के अंतर्गत गठित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद मंत्रालय की सर्वोच्च सलाहकार संस्था है। परिषद चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य से संबंधित नीतियों और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा करती है तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से उन्हें अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्रदान करती है।
यह सम्मेलन स्वास्थ्य क्षेत्र में सहकारी संघवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संस्थागत मंच माना जाता है। इसके माध्यम से केंद्र और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के बीच राष्ट्रीय महत्व के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर रचनात्मक संवाद, नीतिगत परामर्श और बेहतर समन्वय स्थापित किया जाता है, जिससे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों की योजना, क्रियान्वयन और निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

