कोलकाता,27 जून(आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम के ढहने की घटना में मृतकों की संख्या 16 हो गई है. अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी.
25 जून को ब्रेस ब्रिज के पास निर्माणाधीन बहुमंजिला गोदाम शेड अचानक ढह गया था और कई मजदूर उसके नीचे दब गए थे. घटना के तुरंत बाद आपातकालीन टीमों को तैनात किया गया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया.
कोलकाता पुलिस के अनुसार, इस घटना में कुल 33 लोग प्रभावित हुए. इनमें से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य को चोटों के कारण अस्पतालों में भर्ती कराया गया. अधिकारी ने यह भी पुष्टि की कि घायल चार लोगों को इलाज के बाद 26 जून को छुट्टी दे दी गई.
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में राहुल चौधरी (17), कृष्णा चौधरी (49),चंद्रमा चौधरी (60), रोहित चौधरी (20), पप्पू कुमार रजक (40), घी कुमार (19),असगर हुसैन (54),साहिल सरदार (15),हुसन ईमान (44),गणेश कालिंदी (45), नवीन सिंह (44),मन्नू कुमार (19),खालिक सरदार (40),स्वपन मंडल, अज्ञात पुरुष (उम्र लगभग 40 वर्ष),अज्ञात पुरुष (उम्र लगभग 45 वर्ष)शामिल हैं.
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में दुरबासा मोल्लाह (56), मानिकचंद कुमार (22), सोहिद कुमार (26), विश्व प्रकाश (28), राजेश रुईदास (27), बोदन मुंडा (31, महिला), राजेंद्र राम (55), राम प्रसाद चौधरी (22), मोहम्मद आबिद खान (45), सूरज चौधरी (34), जौहर अली गायेन (25), देबाशीष दास (43), मोहम्मद सोनू (35), संदीप पांडे (31), मुस्तकीम गायेन (24), राजकुमार रजक (40) और कार्तिक पात्रा (36) शामिल हैं.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को जोर देकर कहा कि तारातला घटना पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है. छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि कोलकाता पुलिस कमिश्नर की निगरानी में लालबाजार क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है.
मुख्यमंत्री अधिकारी ने घोषणा की कि कोलकाता नगर निगम इस प्रोजेक्ट के लिए जिम्मेदार आर्किटेक्ट/प्लानर को ब्लैकलिस्ट करेगा और चेतावनी दी कि इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

