खेड़ा (गुजरात) ,27 जून(आरएनएस)। गुजरात के खेड़ा जिले के कपड़वंज में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को जोरदार धमाका हो गया. धमाके के बाद आग लग गई. वहीं धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी. घटना में पांच से अधिक लोग घायल हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
धमाके की गति इतने तेज थी कि जिस इमारत में यह फैक्ट्री चल रही थी, उसकी टीन का शेड उड़ गया. धमाके से स्थानीय लोगों में भारी दहशत के साथ अफरा-तफरी मच गई. साथ ही घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों की भीड़ इक_ा हो गई. यह अवैध पटाखा फैक्ट्री गरोड रोड पर म्युनिसिपैलिटी के डंपिंग साइट के सामने चल रही थी.
विस्फोट और आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई कर रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका इतना ज़बरदस्त था कि आस-पास के चार किलोमीटर के इलाके में आवाज सुनाई पड़ी और खिड़कियों के शीशे टूट गए. उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं दिखा. स्थानीय लोगों ने इस अवैध फैक्ट्री के खिलाफ जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जिले में फल-फूल रहीं अवैध पटाखा फैक्ट्रियां खेड़ा जिले के कई इलाकों में अवैध पटाखा फैक्ट्रियां चल रही हैं, जो स्थानीय लोगों के लिए लगातार खतरनाक साबित हो रही हैं. हाल ही में पुलिस ने वासो इलाके में ऐसी ही एक अवैध फैक्ट्री पकड़ी थी.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

