तिनसुकिया (असम),27 जून(आरएनएस)। असम की तिनसुकिया पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. उसने असम-अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर के पास तिनसुकिया के जगुन से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है. मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वे प्रतिबंधित यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम- स्वतंत्र (उल्फा-आई) के कैडर हैं. इस तरह समय रहते बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया गया.
पुलिस के इनपुट के अनुसार, ये दोनों म्यांमार से अरुणाचल प्रदेश के रास्ते असम में घुसे थे और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करने की बड़ी योजना बना रहे थे. गिरफ्तार किए गए सदस्यों की पहचान सियोर असोम उर्फ हुमेनज्योति बरुआ (27) और मनोज असोम उर्फ पापू मोरन (30) के रूप में हुई है.
उल्फा (आई) कैडर ने असम में हथियारों का बड़ा जखीरा ले जाने के लिए कार का इस्तेमाल किया. एक खास इनपुट पर, तिनसुकिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों कैडर को गिरफ्तार कर लिया और हथियार और गोला-बारूद के साथ गाड़ी भी जब्त कर ली.
आरोपियों के पास से दो एके-56 राइफल, 172 राउंड गोलियां, दो हैंड ग्रेनेड, इमरजेंसी में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां और जंगल में लंबे समय तक रहने के लिए खाने का सामान बरामद किया गया है.
तिनसुकिया पुलिस दोनों से और जानकारी के लिए पूछताछ कर रही है. शुरुआती जानकारी में कहा गया है कि वे तिनसुकिया जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करने की फिराक में थे. पुलिस अभी आरोपियों के आने-जाने के बारे में और जानकारी पाने का प्रयास कर रही है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

