0 तकनीक आधारित पुलिसिंग और त्वरित न्याय पर जोर
जांजगीर-चांपा, 27 जून (आरएनएस)। जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन जांजगीर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में थाना एवं चौकी प्रभारी, रीडर और सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को पांच महत्वपूर्ण डिजिटल पोर्टलों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को eDAR, ई-साक्ष्य, पीएम राहत योजना, सीएम हेल्पलाइन 1076 और मिशन वात्सल्य पोर्टलों के उपयोग, प्रक्रियाओं और उनके महत्व के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए नागरिकों को त्वरित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने eDAR (Electronic Detailed Accident Report) पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया कि अब सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे एफआईआर, पंचनामा, फोटो और पोस्टमार्टम रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इससे जानकारी सीधे न्यायालय, बीमा कंपनियों और परिवहन विभाग तक पहुंचेगी तथा दुर्घटना पीडि़तों को मुआवजा मिलने की प्रक्रिया तेज होगी। समय पर जानकारी अपलोड नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को ई-साक्ष्य प्रणाली के माध्यम से डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण, सुरक्षित संरक्षण, दस्तावेजीकरण और न्यायालय में उनके विधिसम्मत उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही तकनीक आधारित विवेचना को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने पीएम राहत योजना के तहत दुर्घटना, अपराध या अन्य पात्र परिस्थितियों से प्रभावित व्यक्तियों और उनके आश्रितों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई। वहीं सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो। प्रशिक्षण में मिशन वात्सल्य पोर्टल की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह पोर्टल बेसहारा, गुमशुदा, शोषित अथवा संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, पुनर्वास, स्पॉन्सरशिप, दत्तक ग्रहण और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। थाना स्तर पर केस हिस्ट्री अपडेट करने और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के साथ समन्वय की प्रक्रिया भी समझाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से जिले में तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी, विवेचना अधिक प्रभावी होगी और सड़क दुर्घटना पीडि़तों, बच्चों तथा अन्य जरूरतमंद नागरिकों को समय पर न्याय और सहायता उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
0

