• रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ विशेष ट्रेन की यात्रा के दौरान सांसद ने उठाई थी मेमू ट्रेन की मांग।
• अब रेल मंत्री को पत्र लिखकर मढ़ौरा-छपरा-पटना के बीच नियमित मेमू सेवा प्रारंभ करने का किया आग्रह।
• सारण प्रमंडल के लगभग एक करोड़ लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं दैनिक यात्रियों को होगा लाभ।
• सांसद ने पूर्वोत्तर एवं पूर्व मध्य रेलवे के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
नई दिल्ली , 27 जून (आरएनएस)। सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने मढ़ौरा-छपरा-पटना के बीच मेमू (डम्डन्) रेल सेवा प्रारंभ कराने की दिशा में अपना प्रयास तेज कर दिया है। हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ विशेष निरीक्षण ट्रेन से पटना, छपरा और मढ़ौरा की यात्रा के दौरान सांसद ने रेल मंत्री से इस रेलखंड पर मेमू ट्रेन चलाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की थी। यात्रा के दौरान उन्होंने कहा था कि मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक मेमू ट्रेन प्रारंभ होने से क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और यह सारण की लंबे समय से चली आ रही जनआकांक्षा है।
अब सांसद ने इसी मांग को औपचारिक रूप देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मढ़ौरा-छपरा-पटना के बीच प्रतिदिन मेमू सेवा प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है। पत्र में उन्होंने 19 जून 2026 को छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह का उल्लेख करते हुए कहा है कि उसी अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी इस रेल सेवा की आवश्यकता से रेल मंत्री को अवगत कराया था।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि सारण प्रमंडल की लगभग एक करोड़ आबादी, विशेषकर सारण जिले के लाखों विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यवसायी एवं प्रतिदिन पटना आने-जाने वाले यात्रियों को इस सेवा का सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सड़क मार्ग पर बढ़ते दबाव में कमी आएगी तथा क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि पूर्वोत्तर रेलवे (छम्त्) एवं पूर्व मध्य रेलवे (म्ब्त्) के महाप्रबंधकों को आपसी समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया जाए, ताकि प्रतिदिन सुबह मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक मेमू ट्रेन संचालित हो तथा सायंकाल उसी मार्ग से वापस लौटे। सांसद राजीव प्रताप रुडी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के तीव्र विस्तार एवं जनसुविधा की नीति के अनुरूप सारण की यह महत्वपूर्ण मांग भी शीघ्र पूरी होगी।
0

