हैदराबाद,27 जून(आरएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक सड़क का नाम रखा गया है. इस पर उन्होंने प्रतिक्रिया जाहिर की है. सोशल ट्रुथ पर ट्रंप ने एक पोस्ट शेयर किया है. बता दें, हैदराबाद में अमेरिकी कॉन्सुलेट ऑफिस के पास इस सड़क का नाम रखा गया है.
सोशल ट्रुथ पर ट्रंप ने उस पट्टिका को भी शेयर किया है, जिसमें इसकी घोषणा की गई है. उन्होंने सड़क का नाम उनके नाम पर रखे जाने पर सरकार को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान पाने वाले वे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं.
बता दें, इस महीने की 23 तारीख को अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हैदराबाद में एक पार्टी रखी गई थी. इस जश्न के हिस्से के तौर पर, डिप्टी चीफ मिनिस्टर भट्टी विक्रमार्क ने अमेरिकी एम्बेसडर सर्जियो गोर के साथ मिलकर हैदराबाद में अमेरिकी कॉन्सुलेट के बगल वाली सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखते हुए एक खास पट्टिका का अनावरण किया. माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन जैसी जानी-मानी अमेरिकन टेक कंपनियां इसी सड़क के पास हैं. सरकार ने बताया कि यह फैसला तेलंगाना और अमेरिका के बीच व्यापार, बिजनेस और निवेश के रिश्तों को और मजबूत करने के मकसद से लिया गया था. यह सड़क नानकरामगपड़ा के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में है.
जानकारी के मुताबिक इस सड़क का नाम बदलने का फैसला राज्य की रेवंत रेड्डी सरकार की उस योजना का एक हिस्सा है, जिसमें जिले की कुछ प्रमुख सड़कों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले शख्स के नाम पर रखना है. कांग्रेस सरकार का यह मानना है कि इस फैसले से दोनों देशों के बीच आपसी रिश्ते मजबूत होंगे.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

