नई दिल्ली,27 जून(आरएनएस)।आउटर दिल्ली में एनकाउंटर में एक शातिर बदमाश पकड़ा गया है. राज पार्क थाना इलाके में रेलवे लाइन के पास स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक वांटेड बदमाश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. इस मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल आरोपी चंदन उर्फ हड्डी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के मुताबिक स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि चेन स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल बदमाश चंदन उर्फ हड्डी इलाके में मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राज पार्क रेलवे लाइन के पास आरोपी की घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
पुलिस ने अपनी सुरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई. गोली लगने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को काबू में कर लिया. मुठभेड़ के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया.
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश चंदन उर्फ हड्डी लंबे समय से स्नैचिंग की वारदातों में शामिल था और कई मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी. आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किया गया है. पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है. फिलहाल स्पेशल स्टाफ की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है. पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है.
आउटर दिल्ली में हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस की टीम आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की जांच में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच और पूछताछ के आधार पर की जाएगी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

