बलौदाबाजार, 07 मई (आरएनएस)। मोबाइल पर आई एक गुप्त सूचना ने गांव में चल रहे अवैध शराब के पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया और देखते ही देखते पुलिस ने ऐसा घेरा डाला कि महुआ शराब बेच रहा आरोपी बचने का रास्ता तक नहीं खोज पाया। महासमुंद जिले की पुलिस चौकी बया को समाधान सेल हेल्पलाइन पर सूचना मिली थी कि ग्राम सैहाभांठा में खुलेआम अवैध हाथ भ_ी महुआ शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में चौकी बया पुलिस टीम एक्टिव हुई और गांव में दबिश की पूरी तैयारी कर ली गई। देर शाम पुलिस टीम ने सैहाभांठा में चारों तरफ से घेराबंदी की और मौके पर एक संदिग्ध व्यक्ति को शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान देवप्रसाद यादव उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम सैहाभाठा चौकी बया के रूप में हुई। तलाशी लेते ही पुलिस के हाथ बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब लगी। मौके से 12 लीटर हाथ भ_ी महुआ शराब बरामद की गई जिसकी कीमत करीब 2400 रुपये बताई गई, वहीं बिक्री से जुटाए गए 350 रुपये नगद भी जब्त किए गए। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी बया में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। खास बात यह रही कि जिले में शुरू किया गया समाधान सेल लगातार अपराधियों की धरपकड़ में पुलिस का सबसे बड़ा हथियार बनता जा रहा है। हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर आम लोग व्हाट्सएप या कॉल के जरिए सीधे सूचना दे रहे हैं और पुलिस उसी आधार पर कार्रवाई कर रही है। बहरहाल, इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि गांवों में छिपकर अवैध कारोबार चलाने वालों की अब खैर नहीं, क्योंकि जनता की एक सूचना और पुलिस की घेराबंदी कभी भी सलाखों तक पहुंचा सकती है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

