केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों पर झामुमो का हमला, महंगाई कम नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
रांची 7 मई (आरएनएस)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार गुरुवार को रांची जिला एवं महानगर इकाई की ओर से रांची जिला मुख्यालय के समक्ष बढ़ती महंगाई और घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य और केंद्रीय सचिव नंदकिशोर मेहता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने की। धरना को संबोधित करते हुए सुप्रियो भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में बंपर सिलेंडर होने की बात कही जाती है, लेकिन आम जनता को राहत नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो झामुमो आंदोलन को और तेज करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुस्ताक आलम ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गरीब, मध्यम वर्ग, मजदूर, किसान और छोटे व्यवसायी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों ने ठेला-खोमचा चलाने वालों, चाय दुकानदारों, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी है। उन्होंने मांग की कि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए।धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने महंगाई कम करने और रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति इसके विपरीत है। पेट्रोल, डीजल, गैस और खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता परेशान है। कार्यक्रम का संचालन महानगर संयोजक मंडली सदस्य अंतू तिर्की ने किया। इस अवसर पर अश्विनी शर्मा, पवन जेडीया, डॉ. हेमलाल मेहता, बीरू तिर्की, संध्या गुडिय़ा, सोनू मुंडा, फरीद खान, रौशन सिंह, अफरोज अंसारी, रामशरण तिर्की, आशुतोष वर्मा, विक्रम सिंह, आरिज खान, मो. साजिद, दीपक कुमार, कलाम आजाद, जनक नायक, आदिल इमाम सहित विभिन्न प्रखंडों और महानगर इकाइयों के कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

