रांची 7 मई (आरएनएस)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से सम्पन्न हुई। बैठक में संघ की कोर कमेटी ने ऊर्जा विभाग एवं निगम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए। बैठक में मुख्य रूप से झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड द्वारा नई नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने के निर्णय का स्वागत किया गया। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों एवं समाचार पत्रों के माध्यम से निगम द्वारा बहाली प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है, जिसका संघ स्वागत करता है। उन्होंने अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को धन्यवाद देते हुए आशा व्यक्त की कि वर्षों से विभाग में कार्यरत मानव दिवस कर्मियों एवं वर्तमान एजेंसी कर्मियों के हितों की रक्षा हेतु निगम न्यायोचित एवं सकारात्मक निर्णय लेगा। संघ की ओर से आगामी बहाली प्रक्रिया को लेकर निगम प्रबंधन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। संघ ने मांग की कि वर्ष 2016 (नियोजन संख्या–02/2015) एवं वर्ष 2017 (नियोजन संख्या–03/2016) की बहाली की तर्ज पर मानव दिवस कर्मियों को नियुक्ति में प्राथमिकता दी जाए तथा आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट प्रदान की जाए।
इसके साथ ही वर्ष 2014 में विभाग एवं संघ के समन्वय से तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को कार्यकाल निर्धारण का आधार बनाने की मांग की गई। संघ ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से कार्यरत कर्मियों को भी उनके वास्तविक कार्य अनुभव के आधार पर बहाली में प्राथमिकता एवं अनुभव का लाभ दिया जाना चाहिए।
बैठक में वर्तमान एजेंसी व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संघ ने कहा कि एजेंसी प्रणाली के कारण कर्मचारियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा निगम पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। इसलिए पूर्व की प्रत्यक्ष व्यवस्था पुन: लागू की जाए। यदि ऐसा संभव नहीं हो तो अन्य विभागों की भांति पूरे राज्य में एकल एजेंसी व्यवस्था लागू करते हुए छ्व्रक्क-ढ्ढञ्ज को अधिकृत नियोक्ता बनाया जाए।
संघ ने विभाग में कार्यरत उन दैनिक वेतनभोगी कर्मियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जिनकी कार्य के दौरान मृत्यु हो चुकी है तथा उनके आश्रित आज भी रोजगार के लिए भटकने को विवश हैं। श्री अजय राय ने कहा कि संघ ऐसे कर्मियों की सूची निगम प्रबंधन को उपलब्ध कराएगा तथा मांग करेगा कि मृत कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने हेतु संवेदनशील एवं मानवीय नीति बनाई जाए।
संघ द्वारा उक्त मांगों से संबंधित ज्ञापन अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड को सौंपने का निर्णय लिया गया। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय (झारखंड सरकार), महाप्रबंधक (कार्मिक सह सामान्य प्रशासन) सुनील दत्त खाखा, प्रबंध निदेशक (संचरण) के.के. वर्मा, निदेशक पी.के. श्रीवास्तव तथा श्रम आयुक्त, श्रम विभाग, डोरंडा को भी प्रेषित की गई है। बैठक में मुख्य रूप से संघ के प्रधान महामंत्री अमित कुमार कश्यप,महामंत्री अमित शुक्ला, महामंत्री कुणाल सिंह, कोषाध्यक्ष अनिकेत कुमार,मुकेश साहू,मनुभगवान मिश्रा ,शिवनारायण साहू,देव कुमार,जलील अंसारी,संजीत राम,महावीर महतो,संजय कुमार,प्रकाश,अजय पासवान,सुधीर महतो,अशोक महतो ओम प्रकाश, नीलकमल गौतम, मुकेश यादव,महेश्वर महतो,धनेश्वर महतो,सुरेश चंद्र महतो, विक्रम दत्ता,सुनील राणा,उत्पल दास,आशीष,मनोज कुमार गोप,अनुरंजन कुमार,सूर्यदेव सिंह ,राजेन्द्र राम ,अजय प्रकाश केरकेट्टा,कुमाल सिंह,उदय मिश्रा,प्रकाश मुर्मू, जीतेंद्र कुमार, बप्पी मंडल,सुभाष कुमार,उमा शंकर, हरिनाथ महतो, विशाल कुमार सहित हजारों पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

