शहडोल।(आरएनएस)। जिले के पकरिया गांव में खनिज विभाग ने रेत का अवैध परिवहन करते एक मिनी डंपर जब्त किया है। यह कार्रवाई जैतपुर और बुढार क्षेत्र से मिल रही शिकायतों के बाद की गई।
खनिज विभाग के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश और खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में यह जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान डंपर को रोका गया। इसमें लगभग 8 घन मीटर रेत भरी हुई थी।
वाहन चालक से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज और अनुमति मांगी गई, लेकिन वह कोई वैधानिक अनुमति या एटीपी प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने मोबाइल पर मैन्युअल अभिवहन पास की फोटो दिखाई, जिसे विभाग ने नियमानुसार अमान्य कर दिया। मौके पर कोई रॉयल्टी पर्ची भी नहीं मिली।
विभाग ने डंपर को जब्त कर बुढार थाना पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कराया है। वाहन चालक और मालिक के खिलाफ रेत के अवैध परिवहन का मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले को अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय शहडोल भेजा जा रहा है। यह कार्रवाई खनि निरीक्षक अभिषेक पटेल और विभागीय अमले द्वारा की गई।

