० भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और भारतीय सेना के अदम्य साहस का विजय पर्व बताया, कहा : ‘सुरक्षित भारत-सशक्त भारत के संकल्प की हुई सिद्धि
० ऑपरेशन सिन्दूर की पहली वर्षगांठ देश के प्रति सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और राष्ट्र की एकता-अखण्डता को अक्षुण्ण रखने के संकल्प को दोहराने का दिन है
रायपुर, 07 मई (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने वैश्विक आतंकवाद के विरुद्ध भारतीय सैन्य पराक्रम के गौरवपूर्ण प्रतीक ‘ऑपरेशन सिन्दूर की प्रथम वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व और भारतीय सैनिकों के शौर्य की सराहना की है। श्री देव ने कहा कि आज से ठीक एक वर्ष पूर्व भारतीय सेना ने अपनी वीरता से विश्व को यह संदेश दिया था कि नए भारत की शांति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस अब नामुमकिन है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने अपने संदेश में कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर मात्र एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की उस दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम है, जिसने ‘आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को चरितार्थ किया है। मोदी सरकार ने सेना को खुली छूट और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया है कि भारत अपनी सम्प्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। ऑपरेशन की सफलता पर प्रकाश डालते हुए श्री देव ने कहा कि हमारे जाँबाज सैनिकों ने जिस अत्यन्त कठिन परिस्थितियों और सूक्ष्म रणनीति के साथ इस मिशन को अंजाम दिया, वह वैश्विक सैन्य इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो चुका है। भारतीय सैनिकों के अद्भुत पराक्रम ने देश के 140 करोड़ नागरिकों के मन में अटूट विश्वास और सुरक्षा का भाव जागृत किया है। श्री देव ने कहा कि आज भारत रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है और वैश्विक पटल पर एक निर्णायक शक्ति बनकर उभरा है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत अब केवल प्रतिक्रिया नहीं देता, बल्कि घर में घुसकर प्रहार करने की सामथ्र्य भी रखता है। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ भाजपा परिवार की ओर से वीर सैनिकों का अभिनन्दन करते हुए श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विकास और सुरक्षा के पथ पर तेजी से अग्रसर है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर की यह पहली वर्षगांठ देश के प्रति सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और राष्ट्र की एकता-अखंडता को अक्षुण्ण रखने के संकल्प को दोहराने का दिन है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

