बिलासपुर, 08 मई (आरएनएस)। रात के अंधेरे में ट्रांसपोर्ट नगर की सुनसान सड़क पर ट्रक ड्राइवरों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने वाला बुलेट गैंग आखिरकार चकरभाठा पुलिस के शिकंजे में आ गया। बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र में साहू ढाबा के पास लगातार दो वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका एक साथी अब भी फरार है जिसकी तलाश में दबिश जारी है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश देर रात ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में घूमकर ट्रक चालकों और राहगीरों को निशाना बना रहे थे। मामला 29 अप्रैल 2026 की रात का है जब प्रार्थी सोनू बाजरा, जो ट्रक ड्राइवर है, साहू ढाबा में खाना खाने के बाद अपनी ट्रक की ओर लौट रहा था, तभी अचानक बिना नंबर की बुलेट पर पहुंचे तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल व 5 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन बदमाश यहीं नहीं रुके। कुछ दिन बाद 4 मई 2026 को उसी इलाके में उन्हीं आरोपियों ने गुलशन साहू पर लोहे की रॉड और बुलेट की चाबी से हमला कर उसे घायल कर दिया। लगातार हो रही वारदातों के बाद बिलासपुर पुलिस और चकरभाठा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच तेज की। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, संदिग्धों की गतिविधियां ट्रेस कीं और हुलिए के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आखिरकार पुलिस ने राहुल साहू पिता रामाश्रय साहू उम्र 25 वर्ष निवासी नयापारा वार्ड नंबर 11 सिरगिट्टी थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 3700 रुपए नगद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। फिलहाल ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में दहशत फैलाने वाला यह बुलेट गैंग पुलिस के रडार पर पूरी तरह आ चुका है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क से और भी चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

