कोलकाता 8 मई (आरएनएस) विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों और सार्वजनिक रूप से अनुशासनहीन टिप्पणी करने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस ने अपने पांच प्रवक्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिन नेताओं को नोटिस भेजा गया है उनमें ऋजु दत्ता, कृष्णेंदु चौधरी, कोहिनूर मजूमदार, पापिया घोष और कार्तिक घोष शामिल हैं। इन सभी को 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब देने को कहा गया है। तृणमूल की अनुशासन समिति द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि इन नेताओं के हालिया बयान पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले हैं और पार्टी अनुशासन के विपरीत हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि ऐसे बयान संगठन की एकता और कार्यप्रणाली पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्टी संविधान के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जांच प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित नेताओं को इस मुद्दे पर सार्वजनिक टिप्पणी से भी दूर रहने का निर्देश दिया गया है। राजनीतिक हलकों में इस कदम को चुनावी हार के बाद पार्टी के भीतर बढ़ती असंतोष की स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है। इस घटना को लेकर राज्य की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

