जम्मू,08 मई (आरएनएस)। जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पर्वतीय जिले में सुबह 9.57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर नीचे, 33.289 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.739 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था.
भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. लेकिन भूकंप के झटके महसूस करने के बाद लोग घरों से बाहर आ गए. हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
विशेषज्ञों के मुताबिक यह इलाका भूकंप के मद्देनजर काफी संवेदनशील है. इस वजह से नियमित निगरानी के साथ ही सतर्कता बरतना जरूरी है.
बता दें कि बीते कुछ महीनों में जम्मू कश्मीर के अलावा लद्दाख में कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं. इसी वर्ष 25 फरवरी को लेह में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था. इसके अलावा 10 मार्च को पुंछ में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. साथ ही 18 अप्रैल को श्रीनगर और आसपास के क्षेत्र में 3.0-3.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे.
वहीं भूकंप विज्ञान केंद्र ने कहा है कि यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से सक्रिय है, इसलिए नियमित निगरानी, सतर्कता और सुरक्षा उपाय जरूरी हैं.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

