लखनऊ 8 मई (आरएनएस )। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब सात महीने से फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को किसान पथ स्थित अमोल अंडरपास के पास से दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 28 अक्टूबर 2025 को थाना पीजीआई क्षेत्र के अमोल कल्ली पश्चिम निवासी एक व्यक्ति ने लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को गांव का ही युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पीजीआई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश और सुरागरसी में लगी हुई थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी सुभाष रावत अमोल अंडरपास के पास किसान पथ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष रावत पुत्र सज्जन उर्फ सदनू उर्फ साजन निवासी ग्राम अमोल कल्ली पश्चिम थाना पीजीआई, लखनऊ के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 26 वर्ष बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ही नाबालिग लड़की को अपने साथ लेकर गया था।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह इतने दिनों तक कहां छिपा रहा और उसके साथ इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही पीडि़ता से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

