लखनऊ 8 मई (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब लड़ाई केवल चुनाव प्रक्रिया को बचाने की नहीं, बल्कि देश को बचाने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश ऐसे लोगों के हाथों में चला गया है जो संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मूल भावना के विरोधी हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल आकर उन्हें चुनाव में “महाधांधली और महाबेईमानी” की जानकारी मिली, जिससे यह महसूस हुआ कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था खतरे में है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संविधान, आरक्षण, स्वतंत्रता, समता-समानता, न्याय, महिलाओं के सम्मान, युवाओं, किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है।उन्होंने कहा कि पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के वर्तमान और भविष्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की राजनीति कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग आज सत्ता में हैं, वे आजादी से पहले भी देशहित के खिलाफ थे और आज भी देश विरोधी सोच के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि स्वदेशी की बात करने वाले लोग विदेशों से पैसा क्यों लेते हैं और जनता से जुटाए गए चंदे का हिसाब क्यों नहीं देते।अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर जैसी नीतियों ने छोटे व्यापारियों और देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाबद्ध तरीके से योजना आयोग को समाप्त कर देश के विकास की गति को कमजोर किया गया।उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों को कमजोर कर आम जनता के बच्चों को बेहतर शिक्षा से वंचित करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर नियंत्रण स्थापित कर देश की मानसिक शक्ति को कमजोर किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि साम्प्रदायिकता का जहर फैलाकर देश की सामाजिक एकता को तोडऩे की कोशिश की जा रही है और राजनीतिक दलों को तोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब देशवासियों को एकजुट होकर इन नकारात्मक ताकतों का मुकाबला करना होगा।उन्होंने देशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि देश को बचाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए नई लड़ाई लडऩी होगी तथा तिरंगा उठाकर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करनी होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

