बीजापुर , 09 मई (आरएनएस)। मदेदड के राम-सीता मंदिर प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत 40 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुल्लैया उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक कुमार तलांडी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरिता कुडेम सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान बताया। अपने उद्बोधन में अशोक कुमार तलांडी ने कहा कि शासन द्वारा सामूहिक विवाह जैसे पुनीत कार्यों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न समाजों द्वारा भी सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो सामाजिक समागम और शिक्षा के प्रभाव को दर्शाता है।
तलांडी ने बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बाल विवाह कानूनन दंडनीय अपराध है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को 18 वर्ष की आयु के बाद ही विवाह कराने की शपथ दिलाई तथा शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समान कार्य के बदले समान वेतन देने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम के दौरान नव दाम्पत्य जोड़ों को 35 हजार रुपये का चेक एवं विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। अंत में महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना अधिकारी भोपालपटनम द्वारा आभार व्यक्त किया गया तथा सभी आगंतुकों एवं नवविवाहित जोड़ों को भोजन उपरांत विदाई दी गई।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

