कांकेर, 09 मई (आरएनएस)। झारखंड में 35 लड़कियों को बंधक बनाकर ले जाने की सनसनीखेज खबर ने पूरे बस्तर संभाग में डर और हड़कंप फैला दिया था, लेकिन कांकेर पुलिस की ताबड़तोड़ जांच में पूरा मामला अफवाह और भ्रामक निकला। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में वायरल हो रही मानव तस्करी की खबर की गंभीरता से जांच की तो चौंकाने वाला खुलासा सामने आया। पुलिस जांच में पता चला कि दुर्गकोंदल क्षेत्र की युवतियां किसी गिरोह के चंगुल में नहीं थीं बल्कि अपनी मर्जी से रोजगार के लिए झारखंड गई थीं। पुलिस के मुताबिक कांकेर जिले की 19 और धमतरी जिले की 01 युवती जिला गढ़वा, झारखंड में काम कर रही हैं। सभी युवतियां बालिग हैं और परिवार की जानकारी में स्वेच्छा से वहां गई थीं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि पिछले लगभग आठ महीनों से अलग-अलग समय में ये युवतियां झारखंड पहुंची थीं और “रॉयल हेल्थ इंडिया” कंपनी में ऑनलाइन सेल्स पर्सन के रूप में कार्यरत हैं। मामला तब ज्यादा गरमाया जब दुर्गकोंदल क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय विद्या भारती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मानव तस्करी की आशंका जताई जाने लगी। पुलिस ने तत्काल स्थानीय पुलिस और परिजनों से संपर्क स्थापित किया। जांच में सामने आया कि विद्या भारती करीब दो दिन पहले अपनी सहेली के संपर्क में आकर झारखंड गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवती और उसके परिवारजनों की बातचीत कराई और परिजनों को युवती से मिलवाया गया। अब युवती को सुरक्षित वापस कांकेर लाया जा रहा है। जांच के दौरान पुलिस को कहीं भी मानव तस्करी, बंधक बनाकर ले जाने या जबरन काम कराने जैसे किसी भी तथ्य की पुष्टि नहीं मिली। कांकेर पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही मानव तस्करी की खबरें पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक हैं। पुलिस ने आम लोगों और मीडिया से अपील की है कि किसी भी खबर को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचें और अफवाहों से बचें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर देने की अपील की गई है, जहां सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बहरहाल इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सोशल मीडिया पर वायरल हर सनसनी सच नहीं होती, कई बार एक वीडियो पूरे इलाके में बेवजह डर और भ्रम फैलाने का कारण बन जाता है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

