0 भारत-जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच खेले जाएंगे तीन टी-20 मुकाबले
रायपुर, 09 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस साल एक नए इतिहास का गवाह बनने जा रहा है। पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम यहां अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी सीजन का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके तहत भारतीय महिला टीम अक्टूबर महीने में जिम्बाब्वे महिला टीम की मेजबानी करेगी।
भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच पहली बार द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज आयोजित की जा रही है। इस दौरे में कुल छह सफेद गेंद के मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें रायपुर में तीन टी-20 और वडोदरा में तीन वनडे मैच शामिल हैं। अब तक शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में केवल भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुकाबले आयोजित हुए हैं। ऐसे में महिला टीम का यहां खेलना रायपुर और छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास अवसर माना जा रहा है। यह दौरा जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के लिए भी ऐतिहासिक रहेगा, क्योंकि यह उनका पहला भारत दौरा होगा। इससे पहले दोनों देशों की महिला टीमें केवल आईसीसी टूर्नामेंट और क्वालिफायर मुकाबलों में आमने-सामने आई हैं। भारतीय महिला टीम ने भी अब तक जिम्बाब्वे का दौरा नहीं किया है।
बीसीसीआई आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए महिला क्रिकेट में द्विपक्षीय सीरीज की संख्या बढ़ा रही है। वर्ष 2027 में श्रीलंका में प्रस्तावित महिला टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी को देखते हुए यह सीरीज दोनों टीमों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रायपुर में टी-20 मुकाबलों का कार्यक्रम
16 अक्टूबर — पहला टी-20
18 अक्टूबर — दूसरा टी-20
20 अक्टूबर — तीसरा टी-20
वडोदरा में वनडे मुकाबले
23 अक्टूबर — पहला वनडे
25 अक्टूबर — दूसरा वनडे
28 अक्टूबर — तीसरा वनडे
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

