कांकेर,09 मई (आरएनएस)। नशे, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच कांकेर में महिला रक्षा टीम ने ऐसा जागरूकता अभियान चलाया जिसने छात्राओं, महिलाओं और आम लोगों को सिर्फ चेताया ही नहीं बल्कि खुद की सुरक्षा के लिए तैयार भी किया। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू सुश्री प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में महिला रक्षा टीम ने नगर सेना कार्यालय और मुरडोंगरी में आयोजित सुशासन त्योहार कार्यक्रम में पहुंचकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में महिला सैनिकों, छात्राओं और ग्रामीणों को शराब सेवन से परिवार और समाज पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सड़क हादसों से बचने के लिए यातायात नियमों के पालन की जरूरत समझाई गई। टीम ने घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, साइबर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर खुलकर चर्चा की और लोगों को बताया कि छोटी सी लापरवाही किस तरह बड़ी मुसीबत बन सकती है। अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं को अभिव्यक्ति एप की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही एप डाउनलोड करने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया समझाई, जिसके बाद 75 से अधिक लोगों ने तुरंत एप डाउनलोड किया। पुलिस ने यह भी बताया कि कांकेर जिले के अलग-अलग स्थानों पर शिकायत पेटियां लगाई गई हैं, जहां कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना गोपनीय तरीके से दे सकता है। कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, पाक्सो एक्ट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी विशेष जागरूकता दी गई। सबसे ज्यादा आकर्षण उस समय देखने को मिला जब महिला रक्षा टीम ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस का लाइव डेमो दिखाया और आत्मरक्षा के आसान लेकिन असरदार तरीके सिखाए। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि सतर्कता और आत्मविश्वास ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। कांकेर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शिकायत की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 और महिला हेल्पलाइन नंबर 9479155925 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से देने को कहा गया है। बहरहाल, कांकेर पुलिस का यह अभियान सिर्फ जागरूकता कार्यक्रम नहीं बल्कि महिलाओं और युवाओं को सुरक्षित, सजग और आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत पहल बनकर सामने आया है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

