धमतरी,09 मई (आरएनएस)। जिले के ग्राम कोर्रा से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गौ माता के साथ कथित अश्लील अप्राकृतिक कृत्य की शिकायत मिलते ही भखारा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों के साथ सरपंच सीधे थाना भखारा पहुंचे, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू की। जांच में आरोपी राजु गनीर उर्फ वेदप्रकाश गनीर पिता तामेश्वर गनीर उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम कोर्रा थाना भखारा जिला धमतरी के खिलाफ प्रथम दृष्टया पर्याप्त साक्ष्य पाए गए। इसके बाद थाना भखारा पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 299 बीएनएस तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद गांव में लोगों में नाराजगी और चर्चा का माहौल बना हुआ है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता और इस तरह के अमानवीय कृत्यों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में तत्काल सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल भखारा पुलिस पूरे मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है, जबकि यह घटना समाज को यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि इंसानियत की सीमाएं टूटने पर कानून का डंडा कितना जरूरी हो जाता है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

