राजनांदगांव,09 मई (आरएनएस)। के बसंतपुर इलाके में अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस ने ऐसा ताबड़तोड़ शिकंजा कसा कि शराब तस्करी से लेकर जर्दा युक्त गुटखा बेचने वालों तक में हड़कंप मच गया और एक आरोपी सीधे जेल पहुंच गया। थाना बसंतपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग टीम बनाकर कार्रवाई की और 72 पौवा देशी प्लेन शराब, बिक्री रकम, मोटरसाइकिल और जर्दा युक्त गुटखा जब्त कर कई लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब बिक्री और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में 09 मई 2026 को कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि विकास नेताम, मोहसीन खान और टेकूराम सिन्हा अवैध रूप से शराब परिवहन और बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से कुल 72 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 12.96 बल्क लीटर शराब, बिक्री रकम 400 रुपये और घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 04 ्यङ्घ 2976 जब्त की गई। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 31 हजार 600 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में वार्ड नंबर 47 मोहारा निवासी विकास नेताम, कोठारपारा नंदई निवासी 22 वर्षीय मोहसीन खान और ग्राम बांकल निवासी 34 वर्षीय टेकूराम सिन्हा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की, जबकि आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत आरोपी विकास नेताम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विकास नेताम के खिलाफ पहले से भी मारपीट जैसे प्रकरण दर्ज हैं। इसी दौरान पुलिस को एक और सूचना मिली कि नंदई चौक स्थित किराना दुकान में कमलेश गुप्ता नामक दुकानदार जर्दा युक्त गुटखा बेच रहा है। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर उसके कब्जे से 04 पैकेट राजश्री, 04 पैकेट पान राज और 04 पैकेट सितार जर्दा युक्त गुटखा जब्त किया और उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उपनिरीक्षक नरेश सार्वा, इब्राहिम खान, महिला प्रधान आरक्षक मेनका साहू, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, कुश बघेल, राजेश बंदेश्वर और अन्य स्टाफ की अहम भूमिका रही। बहरहाल, बसंतपुर पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि अवैध शराब और प्रतिबंधित नशीले उत्पादों का कारोबार करने वालों के लिए अब जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

