बलौदाबाज़ार, 09 मई (आरएनएस)। पलारी के ग्राम नवागांव में चोरी की वारदात उस वक्त नाकाम हो गई जब ट्रैक्टर का भारी लोहे का हब मोटरसाइकिल में रखकर भाग रहे युवक को ग्रामीणों की सतर्क नजरों ने पकड़ लिया और मौके पर ही उसका खेल खत्म हो गया। ग्रामवासियों की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंचने वाला है। मामला 08 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे का है, जब ग्राम नवागांव निवासी खेलूराम कोसले के फकीरा भाठा स्थित बोर प्लाट में रखे ट्रैक्टर के लोहे के हब पर चोर की नजर पड़ गई। आरोपी संजय यादव हब को अपनी मोटरसाइकिल में रखकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, तभी पास में रहने वाले चमन लाल गेण्डरे ने उसे देख लिया। चमन लाल ने तुरंत आरोपी को रोकने की कोशिश की और अपनी सतर्कता तथा साहस से उसे भागने नहीं दिया। ग्रामीणों की मदद से आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस सक्रिय हुई और प्रार्थी खेलूराम कोसले की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 202/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने तत्काल आरोपी संजय यादव उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम लकडिय़ा थाना पलारी को हिरासत में लिया। घटनास्थल निरीक्षण और पूछताछ के दौरान आरोपी ने ट्रैक्टर का लोहे का हब चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लोहे का हब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 AQ 4466 जब्त कर ली है। आरोपी को 09 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि गांवों में अगर लोग सतर्क रहें तो अपराधियों के लिए बच निकलना आसान नहीं होता। फिलहाल पलारी पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों की जागरूकता ने चोरी की वारदात को बड़ी घटना बनने से पहले ही रोक दिया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

