रायपुर, 09 मई (आरएनएस)। रायपुर के छुईया तालाब इलाके में किराये के मकान से मिली महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई और जिस पति को आखिरी बार पत्नी के साथ देखा गया था, वही उसका कातिल निकला। पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि गुस्से में पति ने अपनी ही पत्नी का कपड़े से गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की थाना कोतवाली पुलिस ने मामले में आरोपी पति ललित साहू उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 28 अप्रैल 2026 की है, जब सूचक रवि बुंदेल ने थाना पहुंचकर सूचना दी कि छुईया तालाब के पास किराये के मकान में रहने वाली पार्वती साहू घर के भीतर अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। महिला को तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, लेकिन 08 मई 2026 को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया। इसके बाद थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 234/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतिका के परिचितों, मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई कि घटना वाले दिन मृतिका के पति ललित कुमार उर्फ विक्की को आखिरी बार पार्वती साहू के घर में देखा गया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने स्वीकार किया कि पार्वती साहू उसकी पत्नी थी तथा दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद और हाथापाई हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने कपड़े से पत्नी का गला घोंट दिया। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी ललित साहू उर्फ विक्की पिता कमल किशोर साहू उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम गांजर थाना बागबाहरा जिला महासमुंद, हाल निवासी हम्पटी-डम्पटी प्ले स्कूल श्रीराम नगर रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि घरेलू विवाद जब हिंसा में बदलते हैं तो रिश्ते सबसे खतरनाक अपराध की शक्ल ले लेते हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

