चेन्नई,09 मई (आरएनएस)। विधानसभा चुनाव नतीजों के 5 दिन बाद आखिरकार तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर स्थिति साफ होती दिख रही है। थलापति विजय ने सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन जुटा लिया है। विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने विजय को समर्थन दे दिया है, जिसके बाद विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। विजय के पास पहले से कांग्रेस के 5 विधायकों समेत 116 का समर्थन था।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में विजय की तमिलगा वेत्री कडग़म (टीवीके) ने 108 सीटें जीती हैं। विजय ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ा था, ऐसे में उन्हें एक सीट छोडऩी होगी। यानी टीवीके के पास 107 विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 5, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम) के 2-2 विधायकों का भी समर्थन मिल चुका है। यानी कुल संख्या हो गई 116। अब वीसीके और आईयूएमएल के 2-2 विधायकों ने भी समर्थन दे दिया है।
कांग्रेस ने दल बदल के डर से अपने 5 विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मेलूर विधायक पी विश्वनाथन विधायकों का नेतृत्व कर रहे हैं। विश्वनाथन को विजय की सरकार में मंत्री बनाए जाने की अटकलें हैं। वहीं, आईयूएमएल और वीसीके ने बिना शर्त विजय की पार्टी को समर्थन दिया है। दोनों पार्टियों के समर्थन पत्र की तस्वीरें सामने आई हैं। वीसीके ने राज्यपाल को दिया पत्र भी जारी कर दिया है।
4 मई को नतीजे आने के बाद से विजय सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का आग्रह करने के लिए 3 बार राज्यपाल से मिले। 6 मई को पहली बार विजय राजभवन पहुंचे और 113 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। अगले दिन फिर विजय राज्यपाल के पास पहुंचे। राज्यपाल ने उन्हें 118 विधायकों का समर्थन पत्र लाने को कहा। कल यानी 8 मई को फिर विजय राज्यपाल से मिले। 118 विधायकों का समर्थन न होने से बात आगे नहीं बढ़ी।
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले में विजय के एक समर्थक ने खुद को आग लगा ली। बताया जा रहा है कि ये शख्स विजय को मुख्यमंत्री बनने में हो रही देरी से नाराज था। जानकारी के अनुसार, इस शख्स का नाम इसक्कियप्पन है, जो तिरुनेलवेली जिले के चेट्टिकुलम के पास एक गांव का रहने वाला है। फिलहाल उसे 30 प्रतिशत तक झुलसने के बाद गंभीर हालत में असारिपल्लम स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तमिलनाडु में बहुमत का आंकड़ा 118 है। टीवीके को सबसे ज्यादा 108 सीटें मिली हैं। डीएमके-कांग्रेस गठबंधन के पास 73 सीटें हैं। इनमें डीएमके की 59, कांग्रेस की 5, विदुथलाई चिरुथाइगल कत्ची (वीसीके), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई), (सीपीआई-एम) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की 2-2 और देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कडग़म की एक सीट है। एनडीए में एआईएडीएमके ने 47, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) ने 4 और भाजपा और अम्मा मक्कल मुनेत्र कडग़म को एक-एक सीट मिली है।
००

