नई दिल्ली/चंडीगढ़,09 मई (आरएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को आप नेता व पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया. बताया जाता है कि यह कार्रवाई मंत्री और उनसे जुड़ी कुछ संस्थाओं के विरुद्ध मनी लॉन्ड्रिंग के मामले मेकी गई है.
इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कस्टडी में लिया गया. इससे पूर्व ईडी ने शनिवार सुबह मंत्री अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर छापा मारा था.
अधिकारियों के मुताबिक 62 वर्षीय मंत्री अरोड़ा जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे. संजीव अरोड़ा को स्थानीय कोर्ट में शनिवार को ही पेश किए जाने की संभावना है, जहां पर ईडी उनसे विस्तार से पूछताछ करने के लिए कस्टडी की मांग करेगी.
गौरतलब है कि ईडी ने इस कार्रवाई के क्रम में उत्तर भारत में पांच स्थानों पर छापा मारा. इसके तहत दिल्ली के दो परिसर के अलावा गुरुग्राम के उद्योग विहार में स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नामक कंपनी का परिसर भी शामिल था. अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत नया केस दर्ज किए जाने के बाद ये छापेमारी शुरू की.
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है. आप इसे राजनीतिक दबाव की कार्रवाई बता रही है, जबकि भाजपा की तरफ से अभी तक इस मामले पर कोई बड़ा बयान सामने नहीं आया है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

