रायपुर 10, मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से जुड़ा एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में खुद को सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर बताने वाली सोमा देवांगन और उसका साथी रॉकी बॉक्सर कुछ युवकों और युवतियों के साथ विवाद करते नजर आ रहे हैं। मामला इतना बढ़ गया कि बहस मारपीट और वाहन तोड़फोड़ तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि घटना शहर के एक मॉल की पार्किंग में हुई, जहां किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस, गाली-गलौज और हाथापाई साफ दिखाई दे रही है। आरोप है कि विवाद के दौरान डंडे से वाहन में तोड़फोड़ भी की गई। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
जानकारी के मुताबिक मामले में तेलीबांधा थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमा देवांगन और रॉकी बॉक्सर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। हालांकि एफआईआर के बाद दोनों के फरार होने की चर्चा भी सामने आई थी। अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
यह पहला मौका नहीं है जब सोमा देवांगन विवादों में घिरी हों। इससे पहले भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप लग चुके हैं। हाल ही में सूरजपुर जिले में भी एक पुलिसकर्मी ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पुलिस और प्रशासन की छवि खराब करने की कोशिश की गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में कुछ लोग कानून और सामाजिक मर्यादाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। वहीं आम नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर रायपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

