हुगली 10 मई (आरएनएस)। जिले के तारकेश्वर में थाना प्रभारी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। हुगली ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक सनी राज ने बताया कि तोडफ़ोड़ और पुलिस पर हमले में शामिल आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना में घायल तारकेश्वर थाने के प्रभारी (ओसी) सुब्रत साधु फिलहाल उपचाराधीन हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है और वह ड्यूटी पर लौट सकते हैं। घटना शनिवार शाम की है, जब तारकेश्वर टाउन तृणमूल युवा अध्यक्ष पूजा साहू के घर पर कथित रूप से कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। सूचना मिलने पर स्थिति संभालने के लिए थाना प्रभारी सुब्रत साधु और एक एएसआई मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया, जिसमें ओसी घायल हो गए। तृणमूल नेता पूजा साव ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित बदमाशों ने उनके घर में तोडफ़ोड़ की और पुलिस के हस्तक्षेप करने पर उन पर हमला किया। भाजपा विधायक संतु पान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि घटना से भाजपा का कोई संबंध नहीं है और पुलिस पर हमला करने वाले तृणमूल समर्थित असामाजिक तत्व हैं। उनका आरोप है कि तृणमूल अपने अंदरूनी विवाद को छिपाने के लिए भाजपा पर दोष मढ़ रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

