भोपाल 10 मई (आरएनएस)। रंजीत होटल के करीब बोट क्लब बड़े तालाब से रविवार की सुबह युवती का शव मिला है। वह दो दिन पहले घर से बिन बताए निकली थी। इसके बाद से ही उसका कुछ पता नहीं था। हालांकि परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। मामले में श्यामला हिल्स पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
सोनिका ठाकुर पति रूपेश ठाकुर 28 निवासी गौतम नगर कॉलोनी थाना गौतम नगर क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी शादी 18 अप्रैल 2024 को नर्मदापुरम के रहने वाले रूपेश से हुई थी। शादी के 16 दिन बाद वह मायके मेहमानी में आई और दोबारा नहीं लौटी।
उसके पति ने बताया कि कई बार उससे कारण पूछा, लेकिन नहीं बताया। 7 मई को आखिरी बार पति की उससे कॉल पर बात हुई। तब उसने कहा था कि मुझे लेने आ जाओ, शनिवार को पति ने नर्मदापुरम से निकलने से पहले कॉल किए लेकिन पत्नी ने नहीं उठाए। शनिवार की रात को पिता ने पति को कॉल कर सोनिका का शव तालाब में मिलने की जानकारी दी।
एसआई मोहन शर्मा ने बताया कि रंजीत होटल के पास सेल्फी पाइंट के पास नगर निगम के सुपरवाइजर अशोक ने सूचना दी कि सफाई कार्य के दौरान महिला का शव पानी में दिख रहा है। अशोक की सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। जेब में मिले मोबाइल के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई।
रविवार की दोपहर को पीएम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है। एसआई ने बताया कि मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर किसी प्रकार के आरोप नहीं लगाए हैं। मृतक की जींस की जेब से एक माचिस, मोबाइल फोन और 50 का नोट मिला था। जिसे उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया है।

