कोलकाता 11 मई (आरएनएस)। भारतीय जनता मजदूर सेल (बीजेएमसी) एक ट्रेड यूनियन है और यह भाजपा के आदर्श व नीति को मानते हुए पार्टी को अपना समर्थन करती है। देश के प्राय हर राज्य में बीजेएमसी है और कम से कम 4 करोड़ लोग इससे जुड़े हैं। उक्त बात आज एक संवाददाता सम्मेलन में बीजेएमसी के राष्ट्रीय चेयरमैन विश्वप्रिय राय चौधरी व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्णब चटर्जी मिठू ने कही। दोनों श्रमिक नेताओं ने कहा कि हम भाजपा के आदर्श व नीति को मानते हुए देश भर में श्रमिकों के उत्थान के लिए काम कर रहें हैं और करेंगे। कोई भी राजनीतिक पार्टी अपना ट्रेड यूनियन नहीं बना सकती है। ट्रेड यूनियन व पार्टी एक दूसरे के समर्थन के तहत आदर्श व नीति को मानते हुए श्रमिकों के लिए आपसी सहयोग से कदमताल करती है। बीजेएमसी के राष्ट्रीय चेयरमैन विश्वप्रिय राय चौधरी व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्णब चटर्जी मिठू ने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाकर श्रमिकों का मनोबल गिराने में लगे हैं ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बीजेएमसी में असंवैधानिक क्रियाकलापों में लिप्त रहने वालों के लिए कोई जगह न थी, न है और न रहेगी। इस दौरान बीजेएमसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरमान गांगुली व बीजेएमसी के राष्ट्रीय महासचिव जगदीश यादव, पश्चिम बंगाल के प्रदेश चेयरमैन सुकुमार दास, प्रदेश महासचिव वसीम अहमद, दक्षिण कोलकाता अध्यक्ष महेश वाल्मीकि ने भी अपनी बात कही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

