नईदिल्ली,11 मई (आरएनएस)। दिल्ली में एक बार फिर पूर्वोत्तर की युवतियों से नस्लीय भेदभाव का मामला सामने आया है। इस बार नेहरू प्लेस इलाके में असम और नागालैंड की युवतियों को निशाना बनाया गया है। घटना रविवार 10 मई की बताई जा रही है। युवतियों ने आरोप लगाया कि सुबह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के इरोस होटल के पास चाय पीते समय उनके साथ छेड़छाड़ की गई और नस्लवादी टिप्पणियां की गईं। पुलिस ने युवतियों की शिकायत पर 4 युवकों की पहचान की है।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम को एक युवती अपनी दोस्त के साथ नेहरू प्लेस में इरोस होटल के पास चाय पीने पहुंची थीं, तभी कुछ युवकों ने उन पर अश्लील और नस्लीय टिप्पणी की। युवतियों के बहस के बाद मामला बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दोनों ने मौके से निकलने की कोशिश की तो उन पर युवकों ने बांस की छड़ी से हमला किया और उनके कपड़े फाड़े। इसके बाद युवतियों ने मौके पर पुलिस बुलाई।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद टीम ने आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज की जांच और 8 गवाहों से पूछताछ के बाद 4 मुख्य आरोपियों की पहचान की है। पुलिस टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनसे जुड़े स्थानों और पतों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच से पता चला कि पीडि़तों को अपमानजनक टिप्पणियों और गालियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

