0-मोटरसाइकिलों में बनवाया गया था लोहे की जाली वाला गुप्त कम्पार्टमेंट
रायपुर, 11 मई(आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में संयुक्त अभियान चलाकर 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई में 11 वाहन समेत कुल लगभग 1 करोड़ 98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में 12 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांजा तस्करों ने इस बार पुलिस को चकमा देने के लिए नया तरीका अपनाया था। आरोपी बाहर से कपड़ा फेरीवाले (स्ट्रीट वेंडर्स) बनकर घूम रहे थे, जबकि मोटरसाइकिलों की पिछली सीट के पीछे विशेष लोहे का कम्पार्टमेंट बनाकर उसमें गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी सूचना के आधार पर इस नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि गांजा उड़ीसा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्र से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी थी। इससे पहले भी रायपुर रेंज पुलिस एम्बुलेंस, केला परिवहन, मूवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस और ट्रेन के जरिए की जा रही गांजा तस्करी के मामलों का खुलासा कर चुकी है।
महासमुंद में सबसे बड़ी कार्रवाई
महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलों में सवार आरोपियों को पकड़ा, जो कपड़ा बेचने का दिखावा कर रहे थे। तलाशी के दौरान बाइक में बनाए गए गुप्त कम्पार्टमेंट से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। एक अन्य मामले में भी पुलिस ने 23 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं कोमाखान पुलिस ने जांच नाके पर बाइक सवार दो युवकों से करीब 9 किलो गांजा जब्त किया।
महासमुंद जिले में कुल 247 किलो गांजा, सात मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 28 लाख रुपये आंकी गई है।
धमतरी में भी बड़ी पकड़
धमतरी जिले में वाहन जांच के दौरान तीन मोटरसाइकिलों में सवार आरोपियों को पकड़ा गया। यहां भी आरोपी कपड़ा फेरीवाले बनकर गांजा तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने 131.005 किलो गांजा जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी समेत करीब 69 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उड़ीसा से जुड़े अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सघन वाहन जांच अभियान जारी रहेगा। रायपुर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

