ऋषिकेश,11 मई (आरएनएस)। नगरपालिका मुनिकीरेती में सोमवार को आयोजित विशेष बोर्ड बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव पारित किया गया। कर्मचारियों ने प्रतिदिन 500 रुपये की बजाय 783 रुपये देने की मांग उठाई थी। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी सभासदों ने एक स्वर में सहमति जताई और प्रस्ताव शासन को भेज दिया। शासन से दिशा-निर्देश मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।
बैठक में पर्यावरण मित्रों समेत आउटसोर्स कर्मचारियों को नगर पालिका का अहम अंग बताते हुए उनके मानदेय में 283 रुपये की बढ़ोतरी का समर्थन किया गया। साथ ही बरसाती पानी की निकासी, मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विकास कार्यों की कमी पर नाराज सभासद बृजेश गिरि ने सदन में प्रस्ताव की प्रतियां फाड़कर विरोध जताया।
अन्य सभासदों ने सीसीटीवी कैमरे न लगने, निराश्रित पशुओं की देखभाल की व्यवस्था न होने और स्ट्रीट डॉग्स के हमलों से बच्चों व बुजुर्गों के घायल होने की समस्या उठाई। अध्यक्ष ने इन मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने बताया कि कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के जीओ का हवाला देते हुए मानदेय वृद्धि की मांग की थी, जिस पर बोर्ड से प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा गया है।
बैठक में कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, सभासद सचिन रस्तोगी, गजेंद्र सजवाण, मीनू गोडियाल, विनोद खंडूड़ी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी और नीशा नेगी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

