हरिद्वार,13 मई (आरएनएस)। कनखल के विद्या विहार क्षेत्र में बुधवार सुबह मुख्य पेयजल पाइप लाइन फटने से इलाके की जलापूर्ति ठप हो गई। अचानक हुई इस खराबी के कारण करीब 15 हजार की आबादी को दिनभर पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। जल संस्थान की टीम ने करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद शाम को पाइप लाइन की मरम्मत पूरी की, जिसके बाद जलापूर्ति बहाल हो सकी। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पानी के तेज दबाव के चलते विद्या विहार क्षेत्र की पुरानी और जर्जर मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
पाइप फटने की सूचना मिलते ही जल संस्थान ने एहतियातन इलाके की पानी सप्लाई बंद कर दी। मरम्मत कार्य के दौरान पुरानी पाइप लाइन को नई लाइन से जोडऩे के लिए मौके पर वेल्डिंग का काम किया गया। मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए बैरागी कैंप-1, बैरागी कैंप-2, ज्ञान लोक कॉलोनी, भगवत पुरम और लोक सेवा आयोग के पंपिंग स्टेशन अस्थायी रूप से बंद रखने पड़े। इसके बाद कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद शाम करीब पांच बजे काम पूरा हुआ और क्षेत्र में पानी की सप्लाई दोबारा शुरू कर दी गई। जलापूर्ति बाधित होने से राजपूत धर्मशाला, ज्ञान लोक कॉलोनी, कुम्हार घड़ा, गुलाब बाग, मिश्रा गार्डन, गणेश पुरम, विष्णु गार्डन, भगवत पुरम, अरिहंत विहार, चौक बाजार, बंगाली मोड़, ज्वालापुर रोड और थाना रोड समेत कई इलाकों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिनभर घरों और बाजारों में पानी नहीं आने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित रहे। कई परिवारों को पेयजल के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने पड़े.
वर्जन:
पाइप लाइन फटने के बाद पानी की सप्लाई बाधित हो गई। कर्मचारियों की कमी के कारण मरम्मत काम पूरा होने में समय लग रहा है। अधिकांश कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना में लगाई गई है। सुबह 10 बजे से पहले लोगों को पानी सप्लाई किया गया था। -राकेश बमराड़ा, एसडीओ
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

