महासमुंद, 15 मई ( आरएनएस)। जिले के बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत बाघामुड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक खपरैल मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में होने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से एक महिला झुलस गई।
जानकारी के मुताबिक घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के बाघामुड़ा गांव की है। यहां निवासी प्रज्ञानंद देवांगन के घर पर सुबह करीब 4 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही मकान में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय घर में प्रज्ञानंद देवांगन समेत परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे। आग लगने के दौरान उनकी पत्नी नंदनी देवांगन झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार कराया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रज्ञानंद देवांगन मोटरसाइकिल बैग और सीट कवर बनाने का काम करते हैं। आग में उनके व्यवसाय से जुड़ा सारा सामान, घरेलू सामग्री और वाहन सीट कवर जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में करीब 8 से 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

