जगदलपुर,15मई (आरएनएस)। बस्तर जिले के खेल मैदान इन दिनों युवाओं के उत्साह और खेल के प्रति उनके समर्पण से गूंज रहे हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर (वर्ष 2026-27) वर्तमान में शहर के विभिन्न खेल मैदानों में संचालित किया जा रहा है। 06 मई से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण शिविर आगामी 26 मई तक निरंतर चलेगा, जिसमें सब-जूनियर एवं जूनियर वर्ग के बालक व बालिका खिलाड़ी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और अपने ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग कर खेल जगत में अपनी पहचान बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।खिलाडिय़ों के शारीरिक विकास और खेल कौशल को निखारने के लिए प्रतिदिन दो पालियों में कड़ा अभ्यास सत्र आयोजित किया जा रहा है। सुबह का सत्र 6 बजे से 8 बजे तक और शाम का सत्र 5 बजे से 7 बजे तक चल रहा है, जिससे अनुकूल मौसम में खिलाड़ी अपनी पूरी ऊर्जा के साथ खेल सीख रहे हैं। इस दौरान मैदान पर खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय और सटीक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए विभिन्न खेलों के पीटीआई तथा क्षेत्र के वरिष्ठ व अनुभवी खिलाड़ी लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो युवाओं को खेल की बारीकियों के साथ-साथ अनुशासन का पाठ भी पढ़ा रहे हैं। इस विशाल आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जगदलपुर के विभिन्न खेल परिसरों को अलग-अलग खेलों के लिए पूरी तरह से समर्पित किया गया है। शहर के प्रमुख इन्दिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बैडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, कराटे, जूडो, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस और एथलेटिक्स जैसे कई लोकप्रिय खेलों का प्रशिक्षण एक साथ दिया जा रहा है। वहीं, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में कबड्डी, आर्चरी और हैण्डबॉल के खिलाड़ी पसीना बहा रहे हैं, जबकि पंडरीपानी स्थित हॉकी प्रशिक्षण केन्द्र में विशेष रूप से हॉकी का सघन अभ्यास चल रहा है। खेलों के इस कारवां को शहर के अन्य हिस्सों तक फैलाते हुए पुलिस लाइन में वॉलीबॉल, बस्तर हाई स्कूल में सॉफ्टबॉल और कर्मचारी भवन के पास शहीद पार्क के पीछे कराटे की कक्षाएं नियमित रूप से लग रही हैं। रोमांचक खेलों के शौकीनों के लिए इन्द्रावती नदी के पुराने पुल के पास कयाकिंग कैनोइंग का साहसिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि फुटबॉल के क्रेज को देखते हुए सिटी ग्राउंड डिमरापाल और लालबाग ग्राउंड में भी विशेष प्रशिक्षण सत्र चल रहे हैं। इसके साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटलोहंगा के मैदान में खिलाड़ी रग्बी खेल का कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। इस पूरे 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आगामी 26 मई 2026 को एक गरिमामयी समारोह के साथ होगा। समापन के इस विशेष अवसर पर शिविर में शामिल होने वाले सभी खिलाडिय़ों को उनकी लगन और सहभागिता के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही, खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूरे प्रशिक्षण के दौरान सबसे अधिक नियमित, अनुशासित और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक खेल से एक होनहार बालक और एक बालिका खिलाड़ी का चयन कर उन्हें विशेष रूप से पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग का यह प्रयास वर्तमान में बस्तर की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर चमकने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान कर रहा है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

